डीजे, ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के साथ निकली निशान यात्रा, जगह-जगह हुआ श्रद्धालुओं का स्वागत
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया, नगर में खाटू श्याम सरकार के अवतरण दिवस के अवसर पर श्याम प्रेमियों द्वारा भव्य निशान यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जय श्री श्याम और हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।
आयोजन के तहत पवन मुरारका एवं रौनक मुरारका के निज निवास पर खाटू श्याम बाबा का भव्य दरबार सजाया गया। श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर बाबा को भोग अर्पित किया और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात नगर के श्याम प्रेमी भारत माता चौक पर एकत्रित हुए, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद निशान यात्रा का शुभारंभ किया गया।
डीजे, ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के साथ निकली यात्रा में रथ पर बाबा श्याम का आकर्षक दरबार सजाया गया था। श्याम भक्त हाथों में निशान लेकर भजनों की धुन पर झूमते-नाचते हुए आगे बढ़ रहे थे। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।
यात्रा के दौरान कुछ देर के लिए गणेश ट्रेडर्स में विश्राम किया गया, जहां अमित बिंदल द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल एवं कोल्ड ड्रिंक की व्यवस्था की गई। वहीं प्रभात किराना स्टोर की ओर से ड्राई फ्रूट एवं पानी की व्यवस्था की गई। यात्रा में बड़ी संख्या में पुरुषों, महिलाओं, युवतियों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर पंडित श्रीकांत जोशी एवं ज्ञानचंद जोशी ने विधि-विधान से बाबा श्याम की पूजा-अर्चना कराई तथा ज्योत प्रज्वलित की। पंडित जोशी ने निशान यात्रा के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बाबा श्याम को कलियुग में हारे का सहारा और शीश के दानी के रूप में पूजा जाता है। बाबा श्याम के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था एवं समर्पण का प्रतीक निशान यात्रा भक्तों के लिए विशेष महत्व रखती है।

आयोजन को सफल बनाने में इनका रहा विशेष योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रमोद सिंघानिया, पवन मुरारका, अनिल सिंघानिया, घनश्याम केडिया, विनीत शर्मा, उज्ज्वल जैन, गौरव बिंदल, विनोद सिंघानिया, विजय शर्मा, शिव केडिया, नरसिंग केडिया, अमित बिंदल, हनी परिहार, गिरीश शर्मा, सुमित केडिया, रोमन पसरीजा, जीवेन्द्र पसरीजा, लवली विरदी, विमल केडिया, राजेश सिंह ठाकुर, शिवेंद्र बिंदल, चंद्र प्रताप सिंह बैस, नवीन अग्रवाल एवं धनराज सोनी सहित अन्य श्याम प्रेमियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं महिला श्रद्धालुओं में प्रीति मुरारका, मोनिका सिंघानिया, अन्नू अग्रवाल, श्रद्धा सिंघानिया, निका सिंघानिया, रीना सिंघानिया, मनीषा मित्तल एवं श्रद्धा अग्रवाल श्वेता मुरारका,बुलबुल बिंदल, प्रीति बिंदल, नैना अग्रवाल, पिंकी केडिया, नेहा केडिया, सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति की सहभागिता रही। पूरे आयोजन में भक्ति, उत्साह और सामाजिक एकता का सुंदर संगम देखने को मिला।




