Home छत्तीसगढ़ अपर महाप्रबंधक श्री विजय कुमार साहू ने बिल्हा से दुर्ग तक अमृत...

अपर महाप्रबंधक श्री विजय कुमार साहू ने बिल्हा से दुर्ग तक अमृत भारत स्टेशन

3
0

 योजना के स्टेशनों एवं रायपुर-दुर्ग स्टेशनों के री-डेवलपमेंट कार्यों का किया निरीक्षण

रायपुर –

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक (AGM) श्री विजय कुमार साहू ने आज रायपुर रेल मंडल के बिल्हा से दुर्ग तक विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों तथा रायपुर एवं दुर्ग रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास (री-डेवलपमेंट) कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित डिजाइन के अनुरूप किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया।

भारतीय रेलवे की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुविधाजनक एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। इस योजना के तहत स्टेशनों का पुनर्विकास कर यात्रियों के लिए बेहतर यात्री सुविधाएं, आधुनिक आधारभूत संरचनाएं तथा स्थानीय कला एवं संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले आकर्षक चित्र एवं कलात्मक स्वरूप विकसित किए जा रहे हैं।

अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे की एक राष्ट्रव्यापी पहल है, जिसका उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक यात्री सुविधाओं, बेहतर आधारभूत संरचना, नवीन तकनीक एवं आकर्षक सौंदर्यीकरण के साथ भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करना है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सुगम यात्रा अनुभव मिल सके।

निरीक्षण की शुरुआत अपर महाप्रबंधक श्री विजय कुमार साहू ने बिल्हा स्टेशन से की। इसके पश्चात उन्होंने निपानिया, भाटापारा, हथबंद, तिल्दा-नेवरा, भिलाई पावरहाउस एवं भिलाई नगर स्टेशनों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया तथा स्वीकृत ड्राइंग एवं डिजाइन के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उनकी आवाजाही सुगम बनी रहे, इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित हो चुके उरकुरा, सरोना एवं भिलाई स्टेशनों पर उपलब्ध कराई गई यात्री सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों को सभी सुविधाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराने तथा उपलब्ध यात्री सुविधाओं के नियमित रखरखाव एवं बेहतर मेंटेनेंस सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

अपर महाप्रबंधक ने रायपुर एवं दुर्ग रेलवे स्टेशनों पर चल रहे महत्वपूर्ण री-डेवलपमेंट कार्यों का भी गहन निरीक्षण किया। रायपुर स्टेशन के सिटी साइड एवं गुढ़ियारी साइड स्थित दोनों प्रवेश द्वारों पर चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान भविष्य की रेल परिचालन संबंधी आवश्यकताओं, विभिन्न सुविधाओं की शिफ्टिंग तथा यात्रियों के सुगम प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान रायपुर रेल मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) श्री बजरंग अग्रवाल, बिलासपुर मुख्यालय के अधिकारी, रायपुर रेल मंडल के संबंधित अधिकारी, गति शक्ति यूनिट के मुख्य परियोजना प्रबंधक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here