रायपुर- छत्तीसगढ़ सरकार ने कामकाज में लापरवाही करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की है। वन विभाग के एक अफसर को सस्पेंड किया गया है। उसपर आरोप है कि तेंदूपत्ता के प्रोत्साहन में दी जाने वाली राशि में अधिकारी गड़बड़ी कर रहे थे। इसी तरह सुशासन तिहार में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर भी कार्रवाई का डंडा चला है।
सुकमा जिले में कड़ी कार्रवाई की गई है। जिला वनमंडलाधिकारी सुकमा को निलंबित कर दिया गया है। एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा उनके विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही वितरण कार्य में लापरवाही बरतने वाली 11 प्राथमिक वनोपज समितियों के प्रबंधकों को काम से हटा दिया गया है। समितियों के संचालक मंडलों को भंग कर दिया गया है। संबंधित नोडल अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
ऐसे हुई गड़बड़ी जिला यूनियन सुकमा अंतर्गत सीजन 2021 के लिए 31,356 संग्राहकों को 4.53 करोड़, वर्ष 2022 के लिए 18,918 संग्राहकों को 3.32 करोड़ रुपए प्रोत्साहन पारिश्रमिक का भुगतान किया जाना था। इनमें से वर्ष 2021 के 10,131 संग्राहकों को 1.38 करोड़ और वर्ष 2022 के 5,739 संग्राहकों को 74 लाख रुपए की राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की गई। बाकी संग्राहकों के बैंक खाते उपलब्ध न होने की स्थिति में, कलेक्टर सुकमा की अनुशंसा पर शासन ने नगद भुगतान की अनुमति दी थी।
इसके लिए राशि जिला यूनियन को हस्तांतरित की गई थी। कुछ समितियों द्वारा नगद भुगतान किया गया, मगर 11 समितियों जिसमें सुकमा, फूलबगड़ी, दुब्बाटोटा, जगरगुण्डा, मिचीगुड़ा, बोड़केल, कोंटा, जग्गावरम, गोलापल्ली, किस्टाराम और पालाचलमा शामिल है। उनमें प्रोत्साहन राशि का वितरण नहीं किया गया।
दो सचिव निलंबित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राजनांदगांव सुरूचि सिंह ने सुशासन तिहार अभियान के तहत आवेदनों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर दो ग्राम पंचायत सचिवों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। ग्राम पंचायत अरजकुंड के सचिव भुवाल सिंह उईके और ग्राम पंचायत सांगिनकछार के सचिव नरेन्द्र कुमार वर्मा को निलंबित किया गया है। ये काम के वक्त मौजूद नहीं थे।
ग्राम पंचायत बोदेला के सचिव कृष्ण कुमार साहू, जनपद पंचायत डोंगरगढ़ की सहायक विकास विस्तार अधिकारी गायत्री डेकाटे और सहायक आंतरिक लेखा परीक्षण के साथ करारोपण अधिकारी सी. कुजूर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।




