कानपुर में रविवार रात 8 बजे 4 मंजिला बिल्डिंग में आग लग गई। बिल्डिंग के पहले और दूसरे फ्लोर पर जूता-चप्पल बनाने का कारखाना चलता है। तीसरी और चौथी मंजिल पर परिवार के लोग रहते हैं। आग लगी तो चौथी मंजिल पर मां-पिता और 3 बेटियां फंस गईं।
रात करीब 3 बजे मां, पिता और एक बेटी का शव निकाला गया। आग में जलकर इनकी मौत हुई। फंसी दो और बेटियों की तलाश की जा रही है।
आग की सूचना पर एक-एक कर मौके पर दमकल की 20 गाड़ियां पहुंच गईं। रात 1.30 बजे लखनऊ से SDRF के जवान भी रेस्क्यू के लिए पहुंचे। करीब 7 घंटे में आग बुझाई गई, हालांकि आग को पूरी तरह ठंडा करने का काम अभी चल रहा है। इस रेस्क्यू में 70 से ज्यादा फायर फाइटर्स लगे।
फायर फाइटर्स ने परिवार के कुछ लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया था। इस बिल्डिंग के दोनों तरफ करीब 500-500 मीटर तक इलाके को ब्लॉक कर दिया गया है। मामला चमनगंज थाना क्षेत्र के प्रेम नगर का है।



