रायपुर- ऑपरेशन सिंदूर के बाद पैदा हुए हालात और दुश्मन के हमलों से लोगों को बचाव की ट्रेनिंग देने का सिलसिला आगे बढ़ेगा। इसलिए प्रदेश में दुर्ग-भिलाई के बाद 8 और शहरों को सिविल डिफेंस डिस्ट्रिक बनाया जाएगा। इनमें रायपुर, कोरबा, रायगढ़, बिलासपुर, जगदलपुर, अंबिकापुर, जांजगीर-चापा, धमतरी और दंतेवाड़ा शामिल होंगे। हर जिले में 300-300 वॉलंटियर्स बनाए जाएंगे।
इन्हें दो दिन की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसमें बताया जाएगा कि युद्ध के दौरान क्या करना है। हर साल इन्हें दो दिन की इनकी ट्रेनिंग मिलेगी और समय-समय पर बैठक भी होगी। वॉलंटियर्स की सूची को हर साल अपडेट किया जाएगा। इसे लेकर रविवार एसीएस होम मनोज पिंगुआ ने होम गार्ड और एसडीआरएफ के अधिकारियों की बैठक ली।
इसमें डीजीपी अरुणदेव गौतम और गृह विभाग के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में फैसला लिया गया है कि छत्तीसगढ़ के 9 जिले सिविल डिफेंस डिस्ट्रिक बनाए जाएंगे।
इस तरह इन जिलों में 2700 वॉलंटियर्स तैयार होंगे। इसके अलावा अन्य जिलों में कलेक्टर सिविल डिफेंस की मॉक ड्रिल कराएंगे।
हर जिलों में होगा सायरन केंद्र सरकार के निर्देश पर छत्तीसगढ़ के 33 जिलों में सायरन खरीदने की तैयारी है। कलेक्टर इसकी खरीदारी करेंगे और एसडीआरएफ को दिए जाएंगे। हर जिले में कम से कम 4-5 सायरन होंगे। इसके अलावा पब्लिक एड्रेस सिस्टम डेवलप किया जाएगा। इससे आपातकाल में लोगों तक आसानी से प्रशासन के दिशा-निर्देशों को पहुंचाया जा सकेगा। वॉकी-टॉकी, वायरलेस, मेगा फोन और हैंडमाइक जैसे उपकरण भी खरीदे जाएंगे। हर साल ट्रेनिंग के दौरान इसकी टेस्टिंग भी होगी। दुर्ग-भिलाई में भी सायरन नहीं है।
4 जिलों में बनाए गए आपदा मित्र चार जिलों रायपुर, कोरबा, राजनांदगांव और सुकमा को आपदा वॉलंटियर के लिए चुना गया था। चारों में 1200 आपदा मित्र बनाए गए हैं। इन्हें दो दिन की ट्रेनिंग दी गई थी। तीन साल से उनकी कोई ट्रेनिंग नहीं हुई है। इनकी भी सूची निकाली गई। इनकी भी हर साल मानसून के पहले बैठक होगी और ट्रेनिंग कराई जाएगी।
कैसे बने सिविल डिफेंस वॉलंटियर {सिविल डिफेंस जिले में कलेक्टर इसकी भर्ती करेंगे या वॉलंटियर बनाएंगे। {इसके लिए इच्छुक व्यक्ति को रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसका एक फॉर्मेट है। {वॉलंटियर बनाने के बाद लोगों को दो-तीन दिनों की बेसिक ट्रेनिंग दी जाएगी। {इसमें 18 से 45 वर्ष के लोगों को रखा जाता है। कुछ राज्यों में इसमें छूट है।
कोई भी बन सकता है वॉलंटियर
सिविल डिफेंस वॉलंटियर एनसीसी, एयरविंग, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड के अलावा कोई भी स्वंयसेवी संस्था, समूह और व्यक्ति बन सकता है। इसके लिए आवेदन मंगाए जाएंगे। आवेदन को दस्तावेज के साथ जमा करना है। इसमें उम्र की कोई सीमा नहीं है।




