नई दिल्ली- मौसम विभाग के मुताबिक मानसून के दक्षिणी और पूर्वाेत्तर के राज्यों में ठहरने के चलते उत्तर भारत में अगले दो दिन तेज गर्मी पड़ सकती है। मध्य प्रदेश समेत 7 उत्तरी राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि राजस्थान में एक बार फिर पारा 46°C तक जा सकता है।
इधर, गंगटोक के पाकयोंग में सेना के जवानों ने MI-17 हेलिकॉप्टरों के साथ चाटेन लैंडस्लाइड में फंसे सभी लोगों का रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया। कई दिनों तक हुई मूसलाधार बारिश के कारण राज्य में भूस्खलन, मिट्टी धंसने, अचानक बाढ़ और चट्टानें गिरने की घटनाएं हुईं थीं।
अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ के हालात में शनिवार को भी सुधार हुआ। नदियों का जलस्तर घटने लगा है, जबकि 24 जिलों में 33 हजार लोग अभी भी प्रभावित हैं। हालांकि कई जगह लैंडस्लाइड के चलते वाटर पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गईं, इससे पेयजल संकट बढ़ गया है।
अरब सागर से तेजी से आगे बढ़ा मानसून 29 मई तक मुंबई, पुरी, बांग्लादेश होते हुए सिक्किम तक पहुंच गया था। लेकिन इसके बाद से यह 10 दिन से वहीं अटका हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अब 12 जून से मध्य भारत में मौसमी गतिविधियों में तेजी आ सकती है। इससे मप्र-छग सहित कई राज्यों में प्री-मानसून की अच्छी बारिश के आसार बन रहे हैं।
अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम
9 जून- राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार में हीटवेव का अलर्ट है। लू चल सकती है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है।
10 जून- राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट है। लू चल सकती है। केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है।



