कबीरधाम – कई जिले में कानून व्यवस्था को मजबूती प्रदान करने, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा आम नागरिकों में सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने के लिए आज बुधवार को विशेष जांच अभियान चलाया गया। एडिशनल एसपी पुष्पेन्द्र बघेल ने बताया कि कोतवाली थाना कवर्धा क्षेत्र स्थित अटल आवास, घुघरी रोड में पुलिस, नगर पालिका और डीआरजी की संयुक्त टीम ने सुनियोजित तरीके से दबिश देकर क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों व संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की। इस दौरान कई संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई व कुछ को हिरासत में भी लिया गया है।कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने गुंडा बदमाशों, निगरानीशुदा बदमाशों, स्थायी वारंटियों एवं आदतन अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की। क्षेत्र की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए चार अलग-अलग टीमों का गठन कर समस्त अटल आवास परिसर में सर्चिंग व सत्यापन कार्यवाही की गई। मौके पर उपस्थित नगर पालिका की टीम ने सभी मकान मालिकों व किरायेदारों से दस्तावेज प्रस्तुत कराकर उनका सत्यापन किया। अनाधिकृत रूप से निवास कर रहे व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें आवश्यक निर्देश भी दिए गए। उल्लेखनीय है कि विगत कुछ सप्ताहों से अटल आवास क्षेत्र में विवाद, झगड़े व असामाजिक गतिविधियों की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। जनहित में ऐसी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यह ठोस और व्यापक कार्यवाही की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र को सुरक्षित बनाना, शांति व्यवस्था बनाए रखना तथा आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास को प्रबल करना रहा। कार्रवाई के दौरान पुलिस की तत्परता व अनुशासित उपस्थिति को देखकर स्थानीय नागरिकों ने संतोष व्यक्त किया तथा पुलिस के प्रयास की सराहना की। नागरिकों ने विश्वास जताया कि इस प्रकार की नियमित कार्रवाई से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का प्रभाव कम होगा और सामुदायिक जीवन सुरक्षित बनेगा।कबीरधाम पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, असामाजिक गतिविधि या आपराधिक घटना की जानकारी प्राप्त हो तो तत्काल निकटतम थाना अथवा डायल 112 पर सूचित करें। आपकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। जिले में शांति, सुरक्षा व कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु कबीरधाम पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस प्रकार की कार्यवाहियां भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगी।




