रायपुर। छत्तीसगढ़ के नए मुख्य सचिव के ऐलान के साथ ही मौजूदा मुख्य सचिव अमिताभ जैन की विदाई 30 जून को होगी. इसी दिन साय कैबिनेट की बैठक बुलाई गई है. माना जा रहा है कि कैबिनेट बैठक में ही मुख्य सचिव अमिताभ जैन को विदाई दी जाएगी. इससे पहले फरवरी 2014 में तत्कालीन रमन सरकार ने तब के मुख्य सचिव रहे सुनील कुमार को इस तरह की एक कैबिनेट बैठक में विदाई दी थी. कैबिनेट ने सुनील कुमार के कामकाज को सराहा गया था. बैठक खत्म होने के बाद सुनील कुमार अपने कक्ष में आए और अपना सामान लेकर मंत्रालय से निकल गए. कहा जा रहा है कि साय कैबिनेट के लिए सचिवों से एजेंडा बुलाया गया है, लेकिन इस बैठक में शामिल होने वाले तमाम एजेंडों के बीच सबसे बड़ा मुद्दा अमिताभ जैन को सम्मानजनक विदाई देना भी है.
30 जून को अमिताभ जैन का कार्यकाल खत्म हो रहा है. नए मुख्य सचिव के नाम को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है, लेकिन सरकार ने अब तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं. अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि राज्य का नया मुख्य सचिव कौन होगा? न ही सरकार की ओर से इस बात को लेकर किसी तरह का संकेत दिया गया है. अमिताभ जैन के बाद सीनियरिटी में रेणु पिल्ले, सुब्रत साहू, अमित अग्रवाल, ऋचा शर्मा, निधि छिब्बर, विकासशील और मनोज पिंगुआ का नाम आता है. अमित अग्रवाल, निधि छिब्बर और विकासशील केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं. सुब्रत साहू, ऋचा शर्मा और मनोज पिंगुआ दावेदारों की दौड़ में शामिल हैं.




