रायपुर। पुरानी बस्ती स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से भगवान श्री जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलराम जी की रथ यात्रा परंपरागत उत्साह और श्रद्धा के साथ निकाली गई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ भगवान के दर्शन को उमड़ पड़ी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। रथ यात्रा से पहले सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। सुबह 10 बजे महामंडलेश्वर राजेश्री महंत रामसुंदर दास महाराज के आगमन के साथ हवन और यज्ञ का शुभारंभ हुआ, जो तीन घंटे तक चला। इसके बाद भगवान की आरती हुई और सभी भक्तों को भंडारे में प्रसाद वितरित किया गया। शाम 3:15 बजे भगवान को रथ पर विराजमान किया गया और 4 बजे विधिवत पूजा-अर्चना के बाद रथ यात्रा नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई। संत-महात्माओं की टोली ने संकीर्तन करते हुए यात्रा को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। रथ के साथ चल रहे श्रद्धालु जय जगन्नाथ के जयकारे लगाते हुए भगवान की एक झलक पाने को उत्सुक दिखे। इस आयोजन को सफल बनाने में श्री जगन्नाथ मंदिर के पुजारी, सेवादारों और स्थानीय लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव ने जानकारी दी कि रथ यात्रा पूर्ण श्रद्धा और व्यवस्था के साथ संपन्न हुई। महंत रामसुंदर दास जी ने भगवान श्री जगन्नाथ से समस्त जगत के कल्याण की प्रार्थना की।




