रायपुर। नगर निगम के उद्यान विभाग की सलाहकार समिति की बैठक में पर्यावरण संरक्षण के लिए नई योजनाओं पर चर्चा की गई। बैठक में वुमन्स फॉर ट्री और एक पेड़ माँ के नाम जैसे अभियानों को आम जनता की भागीदारी से और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। नगर निगम मुख्यालय के सभागार में आयोजित उद्यान विभाग की सलाहकार समिति की बैठक में विभागाध्यक्ष भोलाराम साहू की अध्यक्षता में पार्षदों और अधिकारियों ने रायपुर में हरियाली बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। बैठक में निर्देश दिए गए कि शहर के सभी जोनों में स्थित उद्यानों का संधारण और विकास जोन स्तर के उद्यान विभाग से ही करवाया जाए। इस कार्य में प्लेसमेंट एजेंसियों और ठेका एजेंसियों के माध्यम से कर्मचारियों की तैनाती की गई जानकारी का परीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा शहर में आयुर्वेदिक और विभिन्न थीम पर आधारित उद्यानों की योजना पर भी चर्चा हुई। मिया वाकी पद्धति से पौधरोपण के विस्तार की समीक्षा करते हुए, विभाग को उपलब्ध संसाधनों की जानकारी भी साझा की गई। बैठक में यह भी तय हुआ कि एक पेड़ माँ के नाम जैसे अभियान में आमजन की भागीदारी से पौधरोपण कर समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही जोन में स्थित मार्ग-विभाजकों की हरियाली बनाए रखने के लिए नियमित रखरखाव की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।



