नरेन्द्र कुमार सेन
बंदियों की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था की ली जानकारी
मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं व सुधारात्मक कार्यक्रमों को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
गरियाबंद/ राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष गिरिधारी नायक ने आज जिला उप जेल का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल परिसर, सुरक्षा व्यवस्था, परिसर की स्वच्छता, भोजन व्यवस्था और बंदियों के स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने जेल में बंदियों से चर्चा कर उनकी वास्तविक स्थिति और सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। श्री नायक ने कैदियों से बातचीत कर उनके दैनिक जीवन, स्वास्थ्य, खाने-पीने की व्यवस्था, मुलाकात सुविधा, कानूनी सहायता और अन्य आवश्यकताओं की जानकारी ली।
कुछ बंदियों ने अपनी समस्याएँ साझा की इस पर श्री नायक ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान कहा कि बंदियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही कैदियों को मानसिक परामर्श, कौशल प्रशिक्षण और शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं से जोड़ा जाएं। उन्होंने बंदियों के रहने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय व्यवस्था और चिकित्सा जांच की नियमितता के संबंध में भी आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिन चिकित्सक एक घंटे आकर मरीजों का स्वास्थ्य जांच करें। श्री नायक जेल परिसर के भीतर विभिन्न बैरकों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों से चर्चा करते हुए उनके दैनिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। जेलर को बंदियों के कौशल प्रशिक्षण, साक्षरता कार्यक्रम, पुस्तकालय सुविधा, योग व ध्यान सत्र सहित अन्य सुधारात्मक गतिविधियाँ संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब बंदियां रीहा होंगे तो उन्हें समाज के मुख्य धारा में लौटने के लिए सक्षम और आत्मनिर्भर बनाया जा सके। उन्होंने रसोईकक्ष का निरीक्षण कर आवश्यक सुझाव भी दिए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि बंदियों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।




