ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन नजदीक आते ही नगर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। बहनें अपने भाइयों के लिए राखियां खरीदने के साथ मिठाई एवं उपहारों की तैयारी में जुट गई हैं। नगर के गोल बाजार, अटल चौपाटी में राखी एवं मिठाई की दुकानें विशेष रूप से सज गई हैं।
बाजारों में रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों की विभिन्न वैरायटी उपलब्ध हैं। बहनें अपने भाइयों की पसंद को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग डिजाइन की राखियों की खरीदारी करती नजर आ रही हैं। बच्चों से लेकर युवाओं तक की पसंद के अनुसार कार्टून, मोती, रुद्राक्ष एवं विभिन्न सजावटी डिजाइनों वाली राखियां दुकानों पर उपलब्ध हैं।

लगातार करीब एक सप्ताह से हो रही बारिश के कारण व्यापारी वर्ग में कुछ हताशा देखने को मिल रही थी, लेकिन मौसम खुलते ही बाजारों में फिर से चहल-पहल बढ़ गई है। रक्षाबंधन पर्व को लेकर राखी, मिठाई और उपहारों की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है।
राखी विक्रेता दीपक बंसल, मुरारी यादव, खेमांशु देवांगन एवं दुर्गेश देवांगन ने बताया कि इस बार पारंपरिक राखियों के साथ आकर्षक मोतियों, रुद्राक्ष, कार्टून पात्रों तथा विभिन्न सजावटी एवं डिजाइनर राखियों की मांग अधिक है। बाजार में अलग-अलग कीमतों और डिजाइन की राखियां उपलब्ध होने से ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं।
रक्षाबंधन को लेकर बहनों की प्राथमिकता केवल राखी खरीदने तक सीमित नहीं है। राखियों के साथ भाइयों के लिए उपहार एवं मिठाई की खरीदारी भी की जा रही है। बाजारों में सजीं रंग-बिरंगी राखियों की दुकानों पर बहनें विभिन्न डिजाइन और कीमतों की जानकारी लेकर अपनी पसंद की राखियां चुन रही हैं।
रक्षाबंधन पर्व को लेकर बाजारों में बढ़ी चहल-पहल से व्यापारियों में भी उत्साह का माहौल है। आने वाले दिनों में पर्व की तैयारियों के साथ बाजारों में खरीदारी और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।




