ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल में रक्षाबंधन का प्री-सेलिब्रेशन अनूठे अंदाज में मनाया गया। विद्यालय की छात्राओं ने पुलिस थाना एवं तहसील कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्नेहपूर्वक राखी बांधी।
रिश्ते केवल खून से नहीं, बल्कि भावनाओं से भी बनते हैं। इसी भावना को साकार करते हुए छात्राओं ने पुलिसकर्मियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को राखी बांधकर सम्मान, अपनापन, कृतज्ञता और भाईचारे का संदेश दिया।


बच्चों ने कहा कि पुलिसकर्मी एवं प्रशासनिक अधिकारी दिन-रात समाज की सुरक्षा और सेवा में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। त्योहारों के अवसर पर भी वे कई बार अपने परिवार से दूर रहकर जनसेवा में जुटे रहते हैं। ऐसे में उन्हें अपना परिवार मानते हुए राखी बांधना उनके प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है।
छात्राओं की मासूम मुस्कान और प्रेम से सजी राखियों से थाना एवं तहसील कार्यालय का वातावरण भावनाओं और उत्साह से भर गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बच्चों के इस सुंदर प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सम्मान, सेवा, सुरक्षा और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। इसी उद्देश्य से विद्यालय द्वारा यह प्री-सेलिब्रेशन आयोजित किया गया।




