भाटापारा : – महारानी चौक स्थित मीना बाजार मेले में दो नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट और कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आने के बाद भाटापारा शहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गोवर्धन वर्मा को हिरासत में लिया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी द्वारा कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए स्वयं को बड़ा दादा बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मेले में खिलौने उठाने को लेकर संचालक गोवर्धन वर्मा ने दोनों नाबालिग बच्चों पर चोरी का आरोप लगाया। आरोप है कि इसके बाद बच्चों के साथ मारपीट की गई और उनके साथ गंभीर यौन दुर्व्यवहार किया गया। घटना की जानकारी सामने आने और वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
सूचना मिलते ही थाना भाटापारा शहर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस द्वारा पीड़ित बच्चों के बयान दर्ज करने के साथ ही उपलब्ध वीडियो एवं अन्य साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर प्रकरण में सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोवर्धन वर्मा मीना बाजार में टेंट संबंधी काम करता है। हालांकि, बताया जा रहा है कि वह स्वयं को मीना बाजार का मालिक बताता रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की भूमिका तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
. घटना को लेकर स्थानीय नागरिकों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बच्चों के साथ इस तरह का व्यवहार गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में मेले अथवा सार्वजनिक स्थानों पर नाबालिगों के साथ ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




