Home छत्तीसगढ़ साइबर जागृति अभियान के चौथे सप्ताह में महिलाओं एवं छात्राओं को किया...

साइबर जागृति अभियान के चौथे सप्ताह में महिलाओं एवं छात्राओं को किया जागरूक

7
0

 

बेमेतरा पुलिस ने स्मार्टफोन प्राइवेसी, सुरक्षित ब्राउजिंग और ऑनलाइन ठगी से बचाव की दी जानकारी

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थान खम्हरिया । साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आम नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के चौथे सप्ताह में 6 से 12 सितंबर तक महिलाओं, छात्राओं एवं आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

 

पुलिस अधीक्षक बेमेतरा त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का तथा एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा, थाना खम्हरिया, थाना नवागढ़, थाना नांदघाट एवं चौकी मारो क्षेत्र के विभिन्न स्थानों एवं ग्रामों में पुलिस टीम ने छात्राओं, महिलाओं एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए।

स्मार्टफोन प्राइवेसी और सुरक्षित ब्राउजिंग पर जोर

जागरूकता कार्यक्रमों में स्मार्टफोन प्राइवेसी एवं सुरक्षित ब्राउजिंग विषय पर विशेष जानकारी दी गई। नागरिकों को स्मार्टफोन की प्राइवेसी सेटिंग सुरक्षित रखने, मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा बढ़ाने तथा इंटरनेट का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की समझाइश दी गई।

पुलिस ने संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, फर्जी वेबसाइटों की पहचान करने तथा अनजान व्यक्तियों के साथ व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। महिलाओं एवं छात्राओं को ऑनलाइन उत्पीड़न, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल सहित अन्य साइबर अपराधों से बचाव और शिकायत करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।

OTP और UPI PIN साझा नहीं करने की अपील

पुलिस ने नागरिकों को विशेष रूप से समझाइश दी कि OTP, UPI PIN, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक खाता विवरण, पासवर्ड एवं अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी के कहने पर स्क्रीन शेयर करने, संदिग्ध लिंक खोलने अथवा अनजान खाते में राशि ट्रांसफर करने से भी बचने की सलाह दी गई।

परिचित या दोस्त के नाम से पैसे मांगने पर पहले व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर पुष्टि करने तथा किसी अनजान व्यक्ति या वेबसाइट को अपनी निजी जानकारी नहीं देने की अपील की गई।

ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत

बेमेतरा पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल संबंधित पुलिस थाना या साइबर सेल को सूचना दें। साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई, ताकि ठगी की राशि को रोकने एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए समय पर प्रयास किया जा सके।

पुलिस ने कहा कि “मैं जागरूक हूं, आप भी जागरूक बनें” के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। नागरिकों से साइबर जागरूकता अभियान से जुड़कर सेल्फी लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करने की अपील भी की गई।

इस अवसर पर थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक सोनल ग्वाला, थाना प्रभारी खम्हरिया निरीक्षक सत्य प्रकाश उपाध्याय, थाना प्रभारी नवागढ़ दुलेश्वर चंद्रवंशी, थाना प्रभारी नांदघाट निरीक्षक लेखराम ठाकुर, उप निरीक्षक भुनेश्वर यादव, योगेश अग्रवाल, प्रशिक्षु उप निरीक्षक निधि गुप्ता, कल्पना महंत, ईश्वरी डुप्ले, सुरेश चौहान, प्रधान आरक्षक विजय शुक्ला, महिला प्रधान आरक्षक अनुपमा दुबे, आरक्षक अशरफी खान, मनीष मिश्रा, कपील चंद्रवंशी एवं सुरेश साहू, आकाश सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्राएं एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here