पटाखा बाजार में अग्निशमन उपकरण रखने और सुरक्षा मानकों का पालन करने के दिए निर्देश, बिना लाइसेंस दुकान लगाने वालों पर होगी कार्रवाई
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खमरिया। नगर के खेल मैदान में संचालित लाइसेंसी पटाखा दुकानों का कलेक्टर के निर्देशानुसार तहसीलदार आशुतोष गुप्ता ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पटाखा बाजार में संचालित सभी दुकानों का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों में मिली कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए। तहसीलदार ने सभी पटाखा दुकानदारों को सुरक्षा के दृष्टिगत दुकान परिसर में आवश्यक अग्निशमन उपकरण रखने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पटाखा दुकानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका न रहे।
उन्होंने बिना लाइसेंस पटाखा दुकान संचालित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की बात भी कही। निरीक्षण के दौरान संबंधित राजस्व निरीक्षक (आरआई) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




