Home छत्तीसगढ़ किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत

किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत

15
0

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
बेमेतरा – स्वास्थ्य विभाग जिला बेमेतरा में सर्वाइकल कैंसर से किशोरियों को बचाने के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं की गरिमामयी उपस्थिति में की गई। राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत 28 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर तथा स्वास्थ्य मंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ में राज्य स्तर पर एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया था।
राज्य कार्यालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप 16 मार्च 2026 को जिला चिकित्सालय के मातृ एवं शिशु अस्पताल बेमेतरा में कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं की गरिमामयी उपस्थिति में एच.पी.वी. (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया।


उक्त कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. लोकेश साहू, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. शरद कोहाडे, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री लता बंजारे, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक निराला, डॉ. नीतेश चौबे, स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. एस.पी. कोसरिया, अस्पताल प्रमुख सलाहकार डॉ. स्वाति यदु, प्रभारी मेट्रन एम.सी.एच. श्रीमती आरती दत्ता, जिला मीडिया प्रभारी संजय तिवारी, टीकाकरण सहायक देवेंद्र नामदेव, व्ही.सी.सी.एम. सतीश सेन सहित अस्पताल के अधिकारी-कर्मचारी, मितानिन, लक्षित आयु वर्ग की किशोरी बालिकाएं एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन लॉन्च किया गया है, जिससे महिलाओं के गर्भाशय में होने वाले कैंसर से बचाव किया जा सके और गर्भाशय कैंसर से होने वाली मातृ मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। इसलिए प्रधानमंत्री द्वारा राजस्थान के अजमेर में 28 फरवरी 2026 को राष्ट्रीय स्तर पर इसका शुभारंभ किया गया।
साथ ही पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के समस्त जिलों के जिला चिकित्सालय स्तर पर 16 मार्च 2026 से यह एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। जिला बेमेतरा को राज्य वैक्सीन भंडार से 4783 डोज एचपीवी टीके प्राप्त हुए हैं। वर्तमान में जिला चिकित्सालय स्तर पर ही आगामी आदेश तक टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
टीकाकरण अभियान के लिए 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु वर्ग की किशोरी बालिकाओं को लक्षित किया गया है। जिले की कुल जनसंख्या का लगभग 1 प्रतिशत यानी करीब 11853 किशोरियों को एचपीवी टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में एचपीवी वैक्सीन जिला चिकित्सालय में उपलब्ध है। इसके तहत वही किशोरियां पात्र होंगी जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया हो लेकिन 15वां जन्मदिन नहीं मनाया हो। आयु प्रमाण पत्र के लिए आधार कार्ड या फोटो आईडी कार्ड मान्य होगा। टीकाकरण से पहले माता-पिता या अभिभावक से सहमति पत्र भरवाकर निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एचपीवी टीका पूरी तरह सुरक्षित है, जिसे विश्वभर में करोड़ों लोगों को लगाया जा चुका है। टीकाकरण के बाद सामान्यतः हल्का दर्द, सूजन, लालिमा या हल्का बुखार जैसे प्रभाव हो सकते हैं, जो सामान्य रूप से 1-2 दिनों में पैरासिटामोल की दवा से ठीक हो जाते हैं।
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जनसामान्य से अपील करते हुए कहा कि एचपीवी का टीका प्रथम चरण में जिला चिकित्सालय स्तर पर निःशुल्क लगाया जा रहा है। सभी अभिभावक अपनी 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी पुत्रियों को एचपीवी का टीका अवश्य लगवाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here