Home छत्तीसगढ़ उपसंचालक डॉ. केडिया ने पशु औषधालयों एवं गौशालाओं का किया निरीक्षण

उपसंचालक डॉ. केडिया ने पशु औषधालयों एवं गौशालाओं का किया निरीक्षण

11
0

 

*गौधाम एवं गौशालाओं में 799 पशु स्वस्थ मिले, बेहतर रखरखाव और नियमित टीकाकरण के दिए निर्देश*

*ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया*

*थान खम्हरिया।* उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं बेमेतरा डॉ. निर्मल कुमार केडिया ने जिले के विभिन्न पशु औषधालयों एवं गौशालाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पशुओं के स्वास्थ्य, रखरखाव एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं गौशाला प्रबंधन समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डॉ. केडिया ने पशु औषधालय बोरतरा एवं परपोड़ी का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं तथा पशु चिकित्सा सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं उचित रखरखाव के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान गौधाम केंवतरा में 212 पशु स्वस्थ पाए गए। यहां पशुओं की टैगिंग, समय पर टीकाकरण, नाटों के बधियाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान कराने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर गौधाम अध्यक्ष युवराज साहू उपस्थित थे।

इसी प्रकार गौधाम परपोड़ी में 39 पशु स्वस्थ पाए गए। यहां समिति अध्यक्ष केसर बाई एवं विजय वैष्णव उपस्थित रहे। मां भगवती गौशाला पिपरिया में 286 पशु स्वस्थ मिले। इस दौरान समिति अध्यक्ष परमानंद साहू एवं नरेंद्र साहू उपस्थित थे। वहीं रुक्मणि गौशाला भोजेपारा में 262 पशु स्वस्थ पाए गए। यहां भी परमानंद साहू उपस्थित रहे।

डॉ. केडिया ने सभी पशु चिकित्सा संस्थानों एवं गौशालाओं में साफ-सफाई बनाए रखने, समस्त पंजियों एवं अभिलेखों को अद्यतन एवं पूर्ण रखने तथा पशुपालकों को बेहतर एवं उन्नत पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण एवं उचित देखभाल पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. अभिषेक कुमार, बाबूलाल बघेल एवं प्रेम सिंह पाटले उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here