ब्यूरो चीफ : अनिल सिंघानिया
थान खमरिया। सावन मास के पावन अवसर पर मारवाड़ी समाज की ओर से आयोजित कांवड़ यात्रा का 37वां वर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रारंभ हुआ। इस वर्ष समाज के 50 कांवड़ियों का जत्था भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल भोरमदेव मंदिर के लिए रवाना हुआ।
यात्रा नगर के प्राचीन कुटी मंदिर के कुंड से पवित्र जल लेकर प्रारंभ हुई। कांवड़ियों ने भगवान शिव के जयकारों के बीच यात्रा का शुभारंभ किया तथा मार्ग में सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके पश्चात नगर के जय स्तंभ चौक में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन द्वारा कांवड़ियों को ध्वज भेंट कर एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उनकी मंगलमय, सुरक्षित एवं सफल यात्रा की शुभकामनाएँ दी गईं।
यात्रा आगे बढ़ने से पूर्व मारवाड़ी युवा मंच द्वारा ठाकुर महाराणा प्रताप भवन में सभी कांवड़ियों के लिए भोजन-प्रसादी की व्यवस्था की गई। प्रसादी ग्रहण करने के बाद श्रद्धालु भक्ति एवं उत्साह के साथ भोरमदेव धाम के लिए रवाना हुए।
इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, आशीष बंसल, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के जिला अध्यक्ष अनिल सिंघानिया, सुरेश सिंघानिया, मुन्ना सिंघानिया, बंटी जोशी, विष्णु जोशी, उज्ज्वल सिंघानिया, नटवर सिंघानिया, महेश सिंघानिया सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश देती यह कांवड़ यात्रा पिछले 37 वर्षों से निरंतर आयोजित की जा रही है और नगर की धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है।




