हरेली उत्सव के साथ मनाया गया दादीजी का सिंघारा एवं झूला उत्सव
कोरबा। श्रावण माह की कृष्ण पक्ष अमावस्या एवं छत्तीसगढ़ के पारंपरिक हरेली उत्सव के पावन अवसर पर श्री सप्तदेव मंदिर, कोरबा में श्री रानी सती दादीजी का भव्य संगीतमय मंगल पाठ श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर 108 महिलाओं ने सामूहिक रूप से दादीजी का मंगल पाठ कर परिवार, समाज एवं समस्त जनमानस के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
हरेली पर्व की विशेषता के अनुरूप मंदिर परिसर में पारंपरिक उत्सव का वातावरण देखने को मिला। हरेली उत्सव के साथ ही श्री रानी सती दादीजी का सिंघारा किया गया तथा भव्य झूला उत्सव मनाया गया। श्रद्धालुओं ने दादीजी को श्रद्धापूर्वक झूला झुलाया और स्वयं भी झूला झूलकर उत्सव का आनंद लिया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, उल्लास और पारंपरिक संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिला।

इस अवसर पर श्री सप्तदेव मंदिर की ट्रस्टी श्रीमती प्रेमा अग्रवाल ने मंदिर में आयोजित होने वाले आगामी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर ‘लड्डू गोपाल सजाओ प्रतियोगिता’ एवं ‘कृष्ण बनो प्रतियोगिता’ सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 10 सितंबर को मेहंदी उत्सव, ज्वारा उत्सव, भजन-कीर्तन एवं भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। वहीं 11 सितंबर को श्री रानी सती दादीजी का भव्य मंगल पाठ आयोजित होगा, जिसके लिए विशेष रूप से सूरत, गुजरात से मंगल पाठ की टीम पधार रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से इन सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म एवं संस्कृति के इस उत्सव में सहभागी बनने का आग्रह किया।
मंगल पाठ एवं हरेली उत्सव के अवसर पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से श्री अमरनाथ अग्रवाल, श्री जगदीश प्रसाद अग्रवाल, श्री भगवती प्रसाद गोयनका, श्री अशोक मोदी, श्री राजा मोदी, श्री संजय मोदी, श्री बनवारी लाल शर्मा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे।
महिलाओं में श्रीमती सरला मित्तल, श्रीमती विद्या अग्रवाल, श्रीमती प्रेमा अग्रवाल, श्रीमती संतोष अग्रवाल, श्रीमती किरण मोदी, श्रीमती प्रीति मोदी, श्रीमती शिखा मोदी, श्रीमती अंकिता मोदी, श्रीमती लीना अग्रवाल, श्रीमती मनीषा मोदी, श्रीमती ललिता अग्रवाल, श्रीमती सोनू अग्रवाल, श्रीमती पुष्पा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सभी श्रद्धालुओं ने भक्ति एवं उल्लास के साथ मंगल पाठ, सिंघारा एवं झूला उत्सव में सहभागिता की और दादीजी से पूरे देश एवं समाज के सुख-शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की। कार्यक्रम का वातावरण देर तक भक्तिमय एवं उत्सवमय बना रहा।




