स्वतंत्रता दौड़ से गूंजा बेमेतरा, अधिकारी-कर्मचारी से लेकर स्कूली बच्चों में दिखा देशभक्ति का उत्साह
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया, । स्वतंत्रता दिवस के 80वें वर्ष के अवसर पर आयोजित “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत शुक्रवार को बेमेतरा शहर में भव्य तिरंगा यात्रा एवं स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। दुर्ग सांसद विजय बघेल के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में हजारों छात्र-छात्राओं सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सांसद विजय बघेल ने तिरंगा यात्रा एवं स्वतंत्रता दौड़ को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल, जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पद्माकर, जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। सभी के हाथों में तिरंगा और दिलों में देशभक्ति का जज्बा नजर आया।

स्वतंत्रता दौड़ में दिखा युवाओं का जोश
कार्यक्रम की शुरुआत जय स्तंभ चौक से स्वतंत्रता दौड़ के साथ हुई। इसमें एक हजार से अधिक स्कूली छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष के साथ दौड़ते विद्यार्थियों ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। स्वतंत्रता दौड़ का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं खेल भावना को बढ़ावा देना रहा।
तीन किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा ने बांधा समां
स्वतंत्रता दौड़ के बाद सांसद विजय बघेल के नेतृत्व में लगभग तीन किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा जय स्तंभ चौक से प्रारंभ होकर परशुराम चौक, सिग्नल चौक, भारत माता चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः जय स्तंभ चौक पहुंची।
यात्रा के दौरान सड़क के दोनों ओर खड़े नागरिकों ने पुष्पवर्षा एवं तालियों से प्रतिभागियों का स्वागत किया। विद्यालयों के बैंड, देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयघोष से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के माहौल में सराबोर नजर आया।
“हर घर तिरंगा” राष्ट्र गौरव का अभियान : विजय बघेल
तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि “हर घर तिरंगा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्र के प्रति गौरव, सम्मान और समर्पण का भाव जगाने का संकल्प है।” उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 में प्राप्त आजादी को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को एकजुट होकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए।
सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान का उल्लेख करते हुए विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को उन लाखों लोगों की पीड़ा, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर बताया, जिन्होंने विभाजन के दौरान असहनीय कष्ट झेले। उन्होंने नागरिकों से अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
रिमझिम बारिश भी नहीं रोक सकी देशभक्ति का जज्बा
तिरंगा यात्रा के दौरान हुई रिमझिम बारिश भी लोगों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। बारिश के बीच स्कूली छात्र-छात्राएं यूनिफॉर्म में तिरंगा लहराते हुए आगे बढ़ते रहे। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ यात्रा में सहभागिता की। शहर के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों को तिरंगे से सजाकर अभियान के प्रति समर्थन जताया।
एकता और अखंडता की रक्षा का लिया संकल्प
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा करने का सामूहिक संकल्प लिया। जिला प्रशासन ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विभागों, विद्यालयों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, छत्तीसगढ़ रजक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक, तेलघानी विकास बोर्ड अध्यक्ष जितेंद्र साहू, पूर्व संसदीय सचिव लाभचंद बाफना, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अजय साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



