Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में मूसलाधार बारिश का कहर: मनेन्द्रगढ़ में भरभराकर गिरा तीन मंजिला...

छत्तीसगढ़ में मूसलाधार बारिश का कहर: मनेन्द्रगढ़ में भरभराकर गिरा तीन मंजिला मकान, सड़क पर गिरे बिजली के तार

11
0

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में लगातार हो रही तेज बारिश ने मनेन्द्रगढ़ शहर में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वार्ड नंबर 9 में बुधवार को बारिश के बीच एक तीन मंजिला मकान अचानक भरभराकर जमींदोज हो गया। मकान गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त आसपास मौजूद लोग सुरक्षित बच गए और किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।

बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण मकान की स्थिति कमजोर हो गई थी। अचानक पूरा भवन भरभराकर सड़क की ओर गिर पड़ा। मकान के मलबे की चपेट में सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे और तार भी आ गए। खंभे टूटकर सड़क पर गिरने से इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं, मलबा और बिजली के तार सड़क पर फैल जाने से यातायात भी प्रभावित हुआ।

हादसे के बाद प्रशासन हुआ सक्रिय
घटना की सूचना मिलते ही नगरपालिका और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
सबसे पहले बिजली विभाग को सूचना देकर प्रभावित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, ताकि टूटे तारों से किसी तरह की दुर्घटना न हो। इसके बाद सड़क पर बिखरे मलबे को हटाने और रास्ता साफ करने का काम शुरू कराया गया। प्रशासन की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here