Home छत्तीसगढ़ कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धा और भक्ति के साथ महिलाओं ने किया शिव...

कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धा और भक्ति के साथ महिलाओं ने किया शिव पूजन एवं दीपदान

7
0

 

सगरी-पैठु तालाब में 365 दीपों से जगमगाया शिव दरबार, महा रुद्राभिषेक एवं भंडारे के साथ व्रत का हुआ उद्यापन

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया

थान खम्हरिया। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर नगर में श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास का वातावरण देखने को मिला। नगर के स्थानीय पेट्रोल तालाब एवं सिम सरोवर सहित विभिन्न जलाशयों में महिलाओं ने कार्तिक स्नान, शिव पूजन एवं दीपदान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। महिलाओं ने विधि-विधान से भगवान शिव तथा तुलसी-शालिग्राम का पूजन कर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धार्मिक पर्व मनाया।

इस अवसर पर महिलाओं ने मंगल गीत गाकर धार्मिक उत्सव की खुशियां मनाईं। मंगल गीतों की मधुर स्वर लहरियों के बीच महिलाओं ने एक-दूसरे को सुहाग सामग्री भेंट की तथा अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलकामना के लिए पूजा-अर्चना की।

वहीं वार्ड क्रमांक 12 ब्राह्मणपारा स्थित सगरी-पैठु तालाब के प्राचीन शिव मंदिर में कार्तिक मास के दौरान नियमित रूप से कार्तिक स्नान, दीपदान एवं शिव पूजन किया गया। आत्मकल्याण के साथ-साथ जगत कल्याण की भावना से श्रद्धालुओं ने पूरे कार्तिक मास में धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाई।

कार्तिक पूर्णिमा के विशेष अवसर पर शिव दरबार में 365 दीप प्रज्वलित कर भव्य दीपदान किया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। इस अवसर पर महा रुद्राभिषेक, प्रसाद एवं भंडारे का आयोजन किया गया। साथ ही व्रत का उद्यापन एवं पूर्णाहुति कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किया गया।

इस पुनीत आयोजन में पंडित ईश्वर तिवारी, पंडित महेश्वर तिवारी, चैतन्य तिवारी, संदीप तिवारी, फड़ेन्द्र नामदेव सहित मातृशक्ति से महिमा तिवारी, दिव्या तिवारी, माया सोनी, कविता नामदेव, आशा सोनी, पूर्व पार्षद वार्ड क्रमांक 13 सविता तिवारी, आभा केडिया, आरती सोनी, नीलिमा सोनी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान ने नगर में आध्यात्मिक वातावरण निर्मित किया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से समस्त परिवारों एवं क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here