बैठक में कार्यकर्ताओं की सक्रियता, बूथ स्तर पर जवाबदेही और जनसेवा पर दिया जोर, संगठनात्मक गतिविधियों में उत्साह की कमी भी आई नजर
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया। भारतीय जनता पार्टी जिला बेमेतरा की संगठन प्रभारी श्रीमती हर्षिता पांडे खमरिया मंडल की आयोजित मासिक संगठनात्मक बैठक में शामिल हुईं। इस अवसर पर संगठन की मजबूती, आगामी कार्ययोजना, संगठनात्मक गतिविधियों एवं जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में संगठन प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को आवश्यक मार्गदर्शन देते हुए पार्टी की विचारधारा और जनसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक को संबोधित करते हुए हर्षिता पांडे ने कहा कि संगठन की एकता, समर्पण और कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। भाजपा एक विचारधारा आधारित संगठन है, जो राष्ट्र और देश की चिंता करता है। पार्टी किसी एक बड़े नेता के नाम से नहीं, बल्कि अपनी विचारधारा और कार्यकर्ताओं के परिश्रम से आगे बढ़ती है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल चुनाव लड़ने वाली पार्टी नहीं, बल्कि संगठन के माध्यम से समाज और जनता के बीच निरंतर काम करने वाली पार्टी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि यह कोई सरकारी बैठक नहीं, बल्कि पार्टी की अपनी बैठक है। इसमें बूथ से लेकर शक्ति केंद्र तक काम करने वाले कार्यकर्ताओं की समस्याओं और गतिविधियों पर चर्चा होनी चाहिए। हमें जमीन पर रहकर जनता के लिए काम करना है, दिखावा नहीं करना है। आगामी चुनावों को लेकर साजा विधानसभा को हल्के में नहीं लेना है। बड़ी मुश्किल से मिली जीत को कायम रखने के लिए अभी से मजबूती के साथ काम करना होगा। उन्होंने सूरज और जुगनू की रोशनी का उदाहरण देते हुए कहा कि अंधकार कितना भी गहरा हो, हमें अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए उजाला फैलाना है।
बैठक में संगठनात्मक सक्रियता पर उठे सवाल
बैठक के दौरान कुछ संगठनात्मक कमियां भी सामने आईं। खमरिया मंडल के अंतर्गत लगभग 86 गांव आते हैं, लेकिन बैठक में करीब 20 से 25 गांवों के प्रमुख अथवा उनके प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। कुल उपस्थिति लगभग 90 से 100 कार्यकर्ताओं की बताई गई। जिन कार्यकर्ताओं को संगठन की ओर से विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, उनमें से कुछ की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय रही।
बैठक में माइक और ध्वनि व्यवस्था नहीं होने के कारण संगठन प्रभारी के संबोधन की बातें पीछे बैठे कई कार्यकर्ताओं तक स्पष्ट रूप से नहीं पहुंच पाईं। वहीं संगठन प्रभारी का स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के बावजूद पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बैठक में पहुंचना पड़ा। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान भी स्वास्थ्य खराब होने का उल्लेख किया।
कुछ कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं और मन की बातें संगठन प्रभारी के सामने रखने का प्रयास किया, लेकिन वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी के चलते वे खुलकर अपनी बात रखने में संकोच करते नजर आए। बैठक में आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर अपेक्षित उत्साह की कमी भी महसूस की गई। कुछ कार्यकर्ता संगठनात्मक चर्चा की अपेक्षा स्वागत-सत्कार और फोटो खिंचवाने में अधिक रुचि लेते दिखाई दिए। ऐसे में बैठक में संगठन की जमीनी सक्रियता और कार्यकर्ताओं की जवाबदेही को लेकर आत्ममंथन की आवश्यकता महसूस हुई।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के छायाचित्र पर अतिथियों द्वारा श्रद्धासुमन अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से साजा विधायक ईश्वर साहू, जिला अध्यक्ष अजय साहू,पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ओमप्रकाश जोशी, जिला महामंत्री राजेश ठाकुर, भाजपा नेता प्रनीश रजक, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि परमेश्वर वर्मा, बलराम पटेल, चंदन अग्रवाल, एल्डरमैन अनिल सिंघानिया, चंद्रशेखर राजपूत, घनश्याम राजपूत, आदर्श जोशी, पुन्नी तोरण यादव, कुश कश्यप, लालाराम साहू, नमिता सिन्हा, रेखा शर्मा, शिवानी यादव एवं डीहु राम वर्मा, संजय पटेल ,भरत साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री घनश्याम राजपूत ने किया तथा आभार प्रदर्शन मंडल अध्यक्ष केशव पटेल ने किया।
गुरुद्वारे में मत्था टेककर लिया आशीर्वाद
बैठक से पूर्व संगठन प्रभारी श्रीमती हर्षिता पांडे पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी के निवास पहुंचीं। यहां जोशी ने दुपट्टा पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया और आशीर्वाद प्रदान किया। इसके पश्चात गुरु नानक जयंती के पावन अवसर पर हर्षिता पांडे ने गुरुद्वारे पहुंचकर मत्था टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया।




