जाम से कब मिलेगी निजात? जिम्मेदारों के प्रयास नदारद
थानखम्हरिया। नगर में दिन-ब-दिन बढ़ती ट्रैफिक समस्या आमजन के लिए सिरदर्द बनती जा रही है। भारत माता चौक से लेकर झंडा चौक तक आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। हालात यह हैं कि लगभग हर 10 से 15 मिनट में यातायात बाधित हो जाता है, जिससे राहगीरों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जगह-जगह लगने वाले जाम के कारण नगरवासी बुरी तरह त्रस्त हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या के समाधान के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक कोई ठोस और कारगर प्रयास नहीं किए गए हैं। बताया जाता है कि अधिकांश अधिकारी और बड़े जनप्रतिनिधि बाजार क्षेत्र से गुजरने की बजाय बाईपास मार्ग का उपयोग करते हैं, जिससे उन्हें आम जनता की परेशानी का अंदाजा नहीं हो पाता।

नगर के अधिकांश शासकीय कार्यालय भी शहर के अंदर ही स्थित हैं, जिसके कारण भारत माता चौक क्षेत्र में वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसके अलावा नगर में समुचित पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से लोग बाजार की सड़कों पर ही अपने वाहन खड़े कर खरीदारी करते हैं, जिससे यातायात और अधिक प्रभावित हो जाता है।
नगरवासियों का कहना है कि इस समस्या से कलेक्टर, एसडीएम और नगर पंचायत को भी कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। वहीं जनता की आवाज उठाने वाले नगर पंचायत के कांग्रेस पार्षद भी इस मुद्दे पर मौन बने हुए हैं, जो चर्चा का विषय बना हुआ है।
इससे पहले भी समाचार पत्रों के माध्यम से शासन-प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित किया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। नगरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया, तो आने वाले समय में यह समस्या और भी विकराल रूप ले सकती है।




