107 आचार्य दीदियों ने लिया प्रशिक्षण में भाग, आदर्श आचार्य की भूमिका एवं अभिभावक संपर्क पर हुआ मार्गदर्शन
ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थान खम्हरिया। सरस्वती शिक्षा संस्थान छत्तीसगढ़ की योजनानुसार बेमेतरा जिले के नगरीय विद्यालयों के आचार्य-आचार्याओं के लिए एक दिवसीय जिला स्तरीय आचार्य आवर्ती प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन 22 नवंबर को सरस्वती शिशु मंदिर थान खम्हरिया में किया गया। प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ मां सरस्वती, ब्रह्मस्वरूप ओम एवं भारत माता के छायाचित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम में अतिथियों भानुप्रकाश सोनी, सुरेश सिंघानिया, पुरुषोत्तम अग्रवाल, राकेश जोशी, पुरुषोत्तम सिंघानिया एवं प्रतीक सिंघानिया का तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। अतिथि परिचय राकेश जोशी ने कराया।

मुख्य वक्ता भानुप्रकाश सोनी ने आदर्श आचार्य की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि जो आचार्य अपनी दक्षता, योग्यता, संस्कार एवं श्रेष्ठ व्यवहार को भैया-बहनों के जीवन में स्थापित करता है, वही योग्य एवं आदर्श आचार्य होता है। कुशल आचार्य का दायित्व केवल विद्यालय तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वह विद्यार्थियों के परिवार और उनके आसपास के वातावरण के अनुकूल विकास की भी चिंता करता है।
उन्होंने अभिभावक संपर्क के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अभिभावक संपर्क विद्यालय के विकास की जड़ है। इसके माध्यम से बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होता है, साथ ही अभिभावकों का परिवार भी सरस्वती शिशु मंदिर के संस्कारों एवं शैक्षणिक विचारों से जुड़ता है।
प्रशिक्षण वर्ग में विभिन्न कालखंडों के माध्यम से अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा एवं मार्गदर्शन दिया गया। प्रार्थना का अभ्यास शकुन साहू तथा सरस्वती वंदना का अभ्यास पूर्णिमा गौतम ने कराया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्राचार्य लखन लाल साहू ने किया तथा आभार प्रदर्शन सुरेश सिंघानिया ने किया।
इस जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग में बेमेतरा जिले के सात नगरीय विद्यालयों से कुल 107 आचार्य एवं दीदियों ने सहभागिता की। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त आचार्यों एवं दीदियों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में वंदेमातरम् गीत के साथ प्रशिक्षण वर्ग का समापन हुआ।




