Home छत्तीसगढ़ जूता-चप्पल की दुकान जलकर राख, लाखों का नुकसान

जूता-चप्पल की दुकान जलकर राख, लाखों का नुकसान

180
0

ब्यूरो चीफ अनिल सिंघानिया
थानखम्हरिया। नगर के हृदय स्थल जय स्तंभ चौक स्थित इंडिया फुटवियर नामक जूता-चप्पल की दुकान में शनिवार रात लगभग 10 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई और अंदर रखा भारी मात्रा में जूता-चप्पल का सामान जलकर राख हो गया।
आग लगते ही आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े और पानी के पाइपों से आग बुझाने का प्रयास किया। एक पत्रकार द्वारा अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) पिंकी मनहर को दूरभाष पर सूचना देने के बाद अग्निशमन दल की दमकल टीम मौके पर पहुंची। हालांकि दमकल के पहुंचने तक दुकान का अधिकांश कीमती सामान जलकर नष्ट हो चुका था।

दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। दुकान संचालक हरपाल सिंह पसरीजा ने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि त्योहारों के सीजन को देखते हुए दुकान में नया स्टॉक भरा हुआ था, जो पूरी तरह जल गया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार इस अग्निकांड में लगभग 18 से 20 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि दुकान के पास ही दूरदर्शन (टीवी) और कपड़ों की अन्य दुकानें भी थीं, लेकिन आग आगे नहीं बढ़ी, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
घटना की सूचना थाने में दर्ज कर दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आग बुझाने में राजस्व विभाग, नगर पंचायत, पुलिस प्रशासन और नगरवासियों का सराहनीय सहयोग रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here